एकतानगर, गुजरात। भारत की राष्ट्रीय एकता, अखंडता और गौरव के वैश्विक प्रतीक स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के आसपास स्थित विश्वप्रसिद्ध पर्यटन स्थल एकतानगर सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाने के लिए तैयार है। आगामी 31 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रीय एकता दिवस के आयोजन के साथ भारत पर्व और दीपोत्सवी उत्सव को यादगार बनाने के उद्देश्य से यहां ‘एकता प्रकाश पर्व-2026’ का आयोजन किया जाएगा। यह उत्सव 17 अक्टूबर 2026 से शुरू होकर 15 जनवरी 2027 तक चलेगा। पिछले वर्ष पहली बार आयोजित एकता प्रकाश पर्व को मिले शानदार प्रतिसाद और सफलता के बाद इस बार इसे करीब तीन महीने तक भव्य स्तर पर मनाया जाएगा।
इस दौरान एकतानगर के प्रमुख मार्गों, इमारतों और पेड़ों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा। थीम आधारित लाइटिंग, भव्य प्रकाश सजावट और सरदार सरोवर बांध का विशेष डायनेमिक लाइट एंड साउंड शो आयोजन के प्रमुख आकर्षण होंगे। दिन के समय पर्यटक सरदार पटेल की विशाल प्रतिमा, नर्मदा नदी के विस्तृत जल क्षेत्र, सरदार सरोवर बांध और आसपास की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद ले सकेंगे, जबकि रात में रोशनी से जगमगाते एकतानगर का मनमोहक नजारा देखने को मिलेगा।
सात किलोमीटर लंबे मार्ग पर होगी विशेष लाइटिंग

एकता प्रकाश पर्व के तहत पूरे एकतानगर को दो प्रमुख हिस्सों में विशेष लाइटिंग और इल्युमिनेशन से सजाया जाएगा। पहले हिस्से में एकता द्वार से स्टैच्यू ऑफ यूनिटी तक लगभग सात किलोमीटर लंबे मार्ग पर लाइटिंग पोल, गैंट्री मोटिफ और थीम आधारित प्रकाश सजावट की जाएगी। इस मार्ग पर विभिन्न सरकारी योजनाओं, एकतानगर के पर्यटन स्थलों और देश की विकास यात्रा को प्रदर्शित करने वाली आकर्षक लाइटिंग कलाकृतियां स्थापित की जाएंगी। मुख्य मार्ग के किनारे स्थित इमारतों और पेड़ों को भी रोशनी से सजाया जाएगा, जिससे पर्यटकों को प्रवेश द्वार से लेकर स्टैच्यू ऑफ यूनिटी तक उत्सव जैसा माहौल देखने को मिलेगा।
दूसरे हिस्से में मुख्य मार्ग से वैली ऑफ फ्लावर्स की ओर जाने वाले रास्ते सहित विभिन्न क्षेत्रों में अलग-अलग थीम पर आधारित लाइटिंग कलाकृतियां स्थापित की जाएंगी। यहां प्रकाश, कलात्मक सजावट और प्राकृतिक वातावरण का संगम पर्यटकों को आकर्षक दृश्य प्रदान करेगा। इस तरह एकतानगर में प्रवेश से लेकर पर्यटन स्थलों तक की यात्रा के दौरान पर्यटक रोशनी और उत्सव के विविध रंगों का अनुभव कर सकेंगे।
सरदार सरोवर बांध का डायनेमिक लाइट एंड साउंड शो होगा खास आकर्षण
एकता प्रकाश पर्व का एक प्रमुख आकर्षण सरदार सरोवर नर्मदा बांध पर विशेष रूप से तैयार किया गया डायनेमिक डैम लाइट एंड साउंड शो होगा। पर्यटक इस शो को डैम व्यू पॉइंट-1 से देख सकेंगे। रात के समय बांध के भव्य स्वरूप, आकर्षक रोशनी और आसपास के प्राकृतिक वातावरण के बीच होने वाली प्रकाश प्रस्तुति पर्यटकों को एक अलग अनुभव देगी।
विशाल बांध, नर्मदा नदी के विस्तृत जल क्षेत्र और आसपास की प्राकृतिक सुंदरता के बीच रोशनी का यह नजारा एकतानगर की रात्रिकालीन पर्यटन गतिविधियों को और आकर्षक बनाएगा। खासतौर पर यहां रात्रि विश्राम करने वाले पर्यटक दिन और रात में एकतानगर के अलग-अलग स्वरूपों का आनंद ले सकेंगे।

दिन में प्रकृति और रात में रोशनी का आनंद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट के रूप में विकसित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी आज विश्व के पर्यटन मानचित्र पर भारत की विशिष्ट पहचान बन चुका है। सरदार वल्लभभाई पटेल की 182 मीटर ऊंची विशाल प्रतिमा, नर्मदा नदी का विस्तृत जल क्षेत्र, सरदार सरोवर बांध और आसपास की प्राकृतिक सुंदरता देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करती है।
एकतानगर में नाइट टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए लेजर शो, बांध का लाइट एंड साउंड शो, नर्मदा महाआरती और यूनिटी ग्लो गार्डन सहित कई पर्यटन आकर्षण उपलब्ध हैं। एकता प्रकाश पर्व के दौरान विशेष रोशनी और थीम आधारित सजावट से यहां की रात्रिकालीन सुंदरता और भी आकर्षक होगी। पर्यटक रोशनी से जगमगाते मार्गों, कलात्मक सजावट और बांध के रात्रिकालीन दृश्यों को अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर सकेंगे। डिजिटल युग में पर्यटकों की तस्वीरें, वीडियो और सोशल मीडिया पोस्ट इस पर्यटन स्थल की पहचान को देश-विदेश तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
देश की संस्कृति, विरासत और विकास को दर्शाएगा आयोजन
एकता प्रकाश पर्व का उद्देश्य भारत की विविधतापूर्ण सांस्कृतिक पहचान, समृद्ध ऐतिहासिक विरासत और आधुनिक उपलब्धियों को भव्य रूप में प्रस्तुत करना है। आयोजन के दौरान प्रकाश सजावट और थीम आधारित प्रस्तुतियों के माध्यम से देश की राष्ट्रीय पहचान, विकास, तकनीक, स्वास्थ्य और परिवार-केंद्रित अनुभवों को प्रदर्शित करने का प्रयास किया जाएगा।
यह आयोजन केवल पर्यटन आकर्षण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि देश की एकता, विविधता और प्रगति का संदेश व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाने का माध्यम भी बनेगा। राष्ट्रीय एकता दिवस, भारत पर्व और दीपोत्सवी उत्सव के अवसर पर एकतानगर आने वाले पर्यटकों को यहां की सांस्कृतिक और प्राकृतिक विशेषताओं के साथ रोशनी से सजे पर्यटन स्थलों का अनुभव मिलेगा।
देशवासियों से एकतानगर आने की अपील
स्टैच्यू ऑफ यूनिटी क्षेत्र विकास एवं पर्यटन प्राधिकरण (SoUADTGA) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमित अरोड़ा ने बताया कि देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती, भारत पर्व और दीपोत्सवी उत्सव के दौरान पर्यटकों को एकतानगर की यात्रा में अनूठा अनुभव और जीवनभर याद रहने वाली स्मृतियां मिलें, इसी उद्देश्य से एकता प्रकाश पर्व का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा तथा सरदार सरोवर नर्मदा निगम के अध्यक्ष एवं प्रशासनिक प्रबंध निदेशक और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी क्षेत्र विकास एवं पर्यटन प्राधिकरण के अध्यक्ष मुकेश पुरी के मार्गदर्शन में सरदार सरोवर नर्मदा निगम लिमिटेड (SSNNL) और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी प्रशासन की ओर से संयुक्त रूप से आयोजन की व्यापक तैयारियां की गई हैं।
अमित अरोड़ा ने देशवासियों से 17 अक्टूबर 2026 से 15 जनवरी 2027 के बीच एकतानगर आने और इस विशेष आयोजन का हिस्सा बनने की अपील की। उन्होंने विश्वास जताया कि पर्यटक अपनी सेल्फी, वीडियो और सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से सरदार पटेल के एकता संदेश तथा विश्वप्रसिद्ध स्टैच्यू ऑफ यूनिटी की पहचान को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।



