संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 का परिणाम घोषित कर दिया है। इस बार उत्तर प्रदेश के शामली की आस्था जैन ने ऑल इंडिया 9वीं रैंक हासिल कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। साधारण परिवार से आने वाली आस्था की इस सफलता ने पूरे जिले में खुशी की लहर दौड़ा दी है।
आस्था जैन के पिता अजय जैन शामली में कन्फेक्शनरी और परचून की छोटी दुकान चलाते हैं। बचपन से ही आस्था का सपना कलेक्टर या जिला अधिकारी (DM) बनने का था। इसी लक्ष्य को लेकर उन्होंने लगातार मेहनत की और आखिरकार यूपीएससी 2025 में शानदार रैंक हासिल कर अपने सपने की दिशा में बड़ा कदम बढ़ाया।
आस्था जैन इससे पहले भी दो बार यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा पास कर चुकी हैं। वर्ष 2024 में उन्होंने परीक्षा में 186वीं रैंक हासिल की थी, जिसके आधार पर उनका चयन भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के लिए हुआ था। हालांकि उनका लक्ष्य भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में जाना था, इसलिए उन्होंने तैयारी जारी रखी।
वर्तमान में आस्था जैन हैदराबाद में आईपीएस प्रशिक्षण ले रही हैं। यूपीएससी के पहले दोनों प्रयासों में उन्हें आईपीएस ही आवंटित हुआ, लेकिन अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए उन्होंने दोबारा परीक्षा दी और इस बार ऑल इंडिया 9वीं रैंक हासिल कर बड़ी सफलता दर्ज की।
आस्था की इस उपलब्धि को उनके परिवार और स्थानीय लोगों के लिए गर्व का क्षण माना जा रहा है। उनकी सफलता यह साबित करती है कि मजबूत इरादे, निरंतर मेहनत और स्पष्ट लक्ष्य के साथ किसी भी सपने को हकीकत में बदला जा सकता है।




