संभल: होली मिलन समारोह में एसपी कृष्ण विश्नोई का डांस वीडियो वायरल, भोजपुरी गाने पर दिखा अलग अंदाज़

sambhal police

उत्तर प्रदेश के संभल जिले में पुलिस लाइन में आयोजित होली मिलन समारोह के दौरान एसपी कृष्ण विश्नोई का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में संभल के पुलिस अधीक्षक कृष्ण विश्नोई होली के रंगों के बीच भोजपुरी गाने की धुन पर डांस करते नजर आ रहे हैं। उनका यह अलग और उत्साहपूर्ण अंदाज़ लोगों का ध्यान खींच रहा है।

पुलिस लाइन में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी शामिल हुए थे। सभी ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली का त्योहार मनाया। इसी दौरान डीजे पर भोजपुरी का लोकप्रिय गाना ‘गुलाब जईसन खिलल बाडू’ बजा, जिसे सुनते ही एसपी कृष्ण विश्नोई भी खुद को रोक नहीं सके और डांस फ्लोर पर उतर आए।

वीडियो में देखा जा सकता है कि एसपी कृष्ण विश्नोई सिर पर फंकी एनिमल कैप पहने हुए हैं और पूरे उत्साह के साथ गाने की धुन पर थिरक रहे हैं। आमतौर पर सख्त और एक्शन मोड में नजर आने वाले पुलिस कप्तान का यह हल्का-फुल्का अंदाज़ वहां मौजूद पुलिसकर्मियों को भी हैरान कर गया। उनके डांस को देखकर कार्यक्रम में मौजूद सभी कर्मियों का उत्साह और बढ़ गया और पूरा माहौल उत्सव में बदल गया।

कार्यक्रम के दौरान फिल्म ‘धुरंधर’ के गानों के साथ-साथ भोजपुरी के कई लोकप्रिय गीत भी बजाए गए। संगीत की धुन और होली के रंगों के बीच पुलिस लाइन कुछ देर के लिए डांस फ्लोर में तब्दील हो गई, जहां पुलिसकर्मी भी जमकर झूमते नजर आए।

हालांकि एसपी कृष्ण विश्नोई का डांसिंग अंदाज़ पहली बार सामने नहीं आया है। पिछले साल भी उनका एक वीडियो काफी चर्चा में रहा था, जिसमें वह सिर पर गिलास रखकर फिल्म ‘एनिमल’ के गाने पर डांस करते दिखे थे। इस बार भी होली समारोह का उनका नया वीडियो इंटरनेट पर तेजी से शेयर किया जा रहा है।

[acf_sponsor]