हिंद महासागर तक पहुंचे अमेरिकी-इजरायली हमलों पर अखिलेश यादव का हमला, बोले— सरकार की चुप्पी चिंता का विषय

akhilesh yadav

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि अमेरिकी-इजरायली हमलों का भारत की समुद्री सीमाओं के करीब, हिंद महासागर तक पहुंचना देशवासियों के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर ऐसा क्या कारण है कि इस संवेदनशील मामले पर सरकार, विदेश मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय की ओर से अब तक कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है।

सपा प्रमुख ने अपने पोस्ट में लिखा, “अमेरिकी-इजरायली हमलों का हमारी सरहदों के करीब हिंद महासागर तक पहुंचना देश के लिए गंभीर चिंता का विषय है। लेकिन इस मुद्दे पर भाजपा सरकार ने अभूतपूर्व चुप्पी साध रखी है। स्पष्ट किया जाए कि इसे सामान्य ‘चुप्पी’ माना जाए या किसी विशेष भय के कारण यह स्थिति बनी हुई है। आखिर सरकार की ऐसी क्या मजबूरी है कि उनके होंठ सिल गए हैं?”

उन्होंने आगे कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय स्तर का मामला है और ऐसे मुद्दों पर देश की सरकार, विदेश मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय की संयुक्त जिम्मेदारी बनती है कि वे देश के सामने अपना पक्ष स्पष्ट करें। लेकिन कई दिनों के इंतजार के बाद भी जब सरकार की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई, तो विपक्ष को इस विषय पर बोलने के लिए मजबूर होना पड़ा।

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि मौजूदा हालात में देश की सुरक्षा को लेकर सरकार को सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए और जल, थल और वायु सीमाओं की सुरक्षा को लेकर भरोसा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब सरकार इस मुद्दे पर कुछ कह ही नहीं रही है, तो देशवासियों के मन में यह सवाल उठ रहा है कि आखिर सरकार आगे क्या कदम उठाएगी।

सपा अध्यक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार अपनी विफलताओं से ध्यान हटाने के लिए आगामी संसद सत्र में विवादास्पद मुद्दे उठा सकती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान स्थिति को देखते हुए ऐसा प्रतीत होता है कि देश में प्रभावी शासन व्यवस्था दिखाई नहीं दे रही है।

[acf_sponsor]